बस्ती में आजमगढ़ में आयोजित रैली से लौटकर आ रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के कार्यकर्ताओं के बीच रविवार रात मारपीट हो गई। शहर के रोडवेज परिसर के पास दो गुटों में बंटे कार्यकर्ताओं ने जमकर मारपीट की, जिसमें एक कार के शीशे तोड़ दिए गए और एक कार्यकर्ता को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रैली से लौटते समय कुछ कार्यकर्ता कार से और कुछ बस से बस्ती पहुंचे थे। रोडवेज के पास किसी बात को लेकर पहले बहस हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। झगड़े के दौरान एक कार को निशाना बनाकर उसके शीशे तोड़ दिए गए, जबकि एक कार्यकर्ता को लाठी-डंडों और घूंसे-लात से पीटा गया। इस घटना से राहगीरों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और भीड़ को तितर-बितर किया। घायल कार्यकर्ता को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इंस्पेक्टर कोतवाली दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया- पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।






































