महराजगंज में जहर खाकर युवक ने किया सुसाइड: अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, जांच में जुटी पुलिस – Nautanwa(Nautanwa) News

1
Advertisement

नौतनवा नगर के बिस्मिल शाह नगर मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने जहर खा लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान शुभम कुमार उर्फ विकास (लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगलवार शाम उसने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर का सेवन किया। परिजनों ने उसे तत्काल नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान बुधवार सुबह करीब 7 बजे उसकी मृत्यु हो गई। शुभम के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसका एक बड़ा भाई आकाश है, जो कपड़े की दुकान पर काम करता है। शुभम लोन लेकर ई-रिक्शा चलाता था और उसने समूह से भी कुछ धनराशि उधार ली थी। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, शुभम पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव और डिप्रेशन में था। घटना की सूचना किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सीओ अंकुर गौतम और थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। सीओ नौतनवा अंकुर गौतम ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना की खबर फैलते ही नगर के कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
Advertisement