बरगदवा में महिला का शव फंदे से लटका मिला: बच्चों की चीख-पुकार से जुटी भीड़, पुलिस जांच में जुटी – Bargadwa Bazar(Nautanwa) News

1
Advertisement

महाराजगंज के बरगदवा थाना क्षेत्र के पिपरा टोला असोगवा गांव में बुधवार को एक 35 वर्षीय विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सलीम रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। बुधवार को उनकी पत्नी साहिमा (लगभग 35 वर्ष) घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिलीं। घटना के समय घर में मौजूद उनके तीनों बच्चों ने जब मां को इस हालत में देखा तो वे जोर-जोर से रोने और चीखने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल बरगदवा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पंखे से उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष बरगदवां शैलेन्द्र कुमार शुक्ला ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। थानाध्यक्ष शुक्ला ने आगे बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत नहीं हो रहा है, फिर भी सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Advertisement