घर में सो रहे युवक को वाहन ने कुचला: निचलौल में भर्ती कराया, इलाज के दौरान तोड़ा दम – Bahuar(Nichlaul) News

35
Advertisement

निचलौल थानाक्षेत्र के ढेसो पुल के पास एक युवक की मौत हो गई। शनिवार रात घर में सो रहे युवक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है। उसके भाई गणेश पांडेय, जो ग्राम नौवली, थाना गोला, जनपद गोरखपुर के निवासी हैं और वर्तमान में ढेसो, थाना निचलौल में रहते हैं, ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार, सूरज शनिवार रात सड़क किनारे अपने घर में सोया हुआ था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन चालक लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए घर में घुस गया और सूरज को टक्कर मार दी। इस हादसे में सूरज को प्राणघातक चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सूरज को निचलौल सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सूरज की मौत हो गई। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Advertisement