विकास क्षेत्र साऊंघाट के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पैड़ा खरहरा, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में कुल 62 मरीजों का इलाज किया गया। इसी दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजीव निगम और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एडीशनल सीएमओ) डॉ. अशोक कुमार चौधरी ने पीएचसी पैड़ा खरहरा का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ डॉ. राजीव निगम दोपहर 1 बजे और एडीशनल सीएमओ डॉ. अशोक कुमार चौधरी सवा 3 बजे पीएचसी पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डॉ. अंकित यादव, डॉ. इंद्रबहादुर यादव और डॉ. बंदना शर्मा को मरीजों का इलाज करते हुए पाया। सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका, ओपीडी रजिस्टर, दवा कक्ष, एलटी कक्ष और भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एलए जंगबहादुर द्वारा की जा रही जांचों के बारे में जानकारी ली गई। जंगबहादुर ने बताया कि किट के माध्यम से छह शुगर, तीन मलेरिया और पांच हीमोग्लोबिन मरीजों की जांच की गई। डॉ. इंद्रबहादुर यादव ने 10, डॉ. बंदना शर्मा ने 32 और डॉ. अंकित यादव ने 20 मरीजों को देखा और जांच के बाद निःशुल्क दवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने बताया कि ठंड के मौसम में सावधानी बरतना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से दमा और हृदय रोगियों को अत्यधिक आवश्यकता पड़ने पर ही गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकलने की सलाह दी। चिकित्सकों के अनुसार, इस समय सर्दी, खांसी, खुजली और बुखार के साथ-साथ शुगर के मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। इस अवसर पर फार्मासिस्ट अजीत कुमार सिंह, राधेश्याम चौधरी, खुशबू, शिवमंगल, रामरूप और अनुराग शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।











































