भारतभारी में मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़:लोगों ने ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर किया दान-पुण्य

5
Advertisement

नगर पंचायत भारतभारी में रविवार को मौनी अमावस्या का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर भोर से ही घाटों, तालाबों और स्थानीय सागरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में पवित्र स्नान किया। इसके बाद उन्होंने भगवान विष्णु और पितरों का स्मरण करते हुए विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया। हिंदू धर्म में मौनी अमावस्या का विशेष महत्व है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन मौन व्रत रखने और पवित्र जल में स्नान करने से पापों का नाश होता है साथ ही जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इसी विश्वास के साथ भारतभारी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग स्नान के लिए पहुंचे। स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने दान-पुण्य किया और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र तथा दक्षिणा प्रदान की। कई महिलाओं ने परिवार की सुख-शांति और लंबी आयु के लिए पीपल वृक्ष की पूजा भी की। पर्व के मद्देनजर साफ-सफाई और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। घाटों पर सफाई कर्मियों को तैनात किया गया था, जबकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन की सतर्कता के कारण पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी घाटों का दौरा कर श्रद्धालुओं से संवाद किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
Advertisement