मां -बेटे के साथ मारपीट का आरोप, मुकदमा दर्ज: गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से पीटा – Bakuldiha(Nichlaul) News

5
Advertisement

ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के निपनिया बड़ा टोला गांव में पुरानी रंजिश को लेकर मां-बेटे से मारपीट का मामला सामने आया है। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निपनिया गांव निवासी गीता देवी पत्नी राजकुमार मद्देशिया ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते शुक्रवार शाम करीब पांच बजे उनका बेटा व्यास मद्देशिया किसी काम से गडौरा जा रहा था। गांव के ही सुनील मद्देशिया पुत्र स्व. केदार मद्देशिया ने उसे अपने घर के सामने साइकिल समेत रोक लिया और भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। जब व्यास ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो सुनील मद्देशिया और जोगिंदर मद्देशिया पुत्र रामवृक्ष मद्देशिया भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने लोहे की रॉड से व्यास मद्देशिया पर हमला कर दिया और उसे पीटा। उन्होंने जानमाल की धमकी भी दी। बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची मां गीता देवी को भी आरोपियों ने गालियां देते हुए लोहे की रॉड से मारकर घायल कर दिया। पीड़िता गीता देवी के अनुसार आरोपी मनबढ़ किस्म के लोग हैं, जिनसे उनका परिवार मानसिक रूप से भयभीत है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
Advertisement