श्रावस्ती के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र अंतर्गत समय माता मंदिर, लंबुइया पोखरा (अमारे भरिया) में दो दिवसीय राष्ट्रीय कुश्ती दंगल प्रतियोगिता एवं मेले का आयोजन किया गया। जिसका बीते रविवार को समापन हुआ।इस आयोजन में देशभर के पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान, दिल्ली, मुंबई, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, झारखंड और अयोध्या से आए नामचीन पहलवानों ने अपनी तकनीक और परंपरागत कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। दंगल स्थल पर हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे और हर मुकाबले पर तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई दी। प्रतियोगिता के दौरान अयोध्या के रविशंकर दास ने पंजाब के मोंटी पहलवान को पराजित किया। वहीं गोरखपुर के जॉनी पहलवान को अयोध्या के लक्ष्मण दास ने रोमांचक मुकाबले में शिकस्त दी। एक अन्य मुकाबले में उत्तराखंड के राजा कुरैशी ने पंजाब के शेरू पहलवान को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि कुश्ती दंगल भारत की प्राचीन खेल परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह युवाओं को अनुशासन, परिश्रम और स्वस्थ जीवन की प्रेरणा देता है। दंगल प्रतियोगिता के अध्यक्ष अभिनव चौधरी ने बताया कि आज का युवा तेजी से नशा और धूम्रपान जैसी आदतों की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में इस तरह के खेल आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करना है, ताकि वे स्वस्थ शरीर और मजबूत चरित्र के साथ देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय कुश्ती दंगल ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया, बल्कि सामाजिक जागरूकता का भी मजबूत संदेश दिया।
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती में राष्ट्रीय कुश्ती दंगल का आयोजन:देशभर के पहलवानों ने शौर्य दिखाया,...





































