बस्ती के पांडेय बाजार में एक प्लाटिंग कारोबारी पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। राकेश सोनकर नामक व्यक्ति की शिकायत पर पुरानी बस्ती पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राकेश सोनकर ने अपनी तहरीर में बताया कि शनिवार को वह प्लाटिंग कारोबारी सत्यनारायण जायसवाल से मिलने गए थे। उन्होंने जायसवाल के एक प्लॉट में पंजीकरण कराकर धनराशि जमा की थी, लेकिन प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं हो रही थी। बातचीत के दौरान सत्यनारायण जायसवाल कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे और मारपीट की। शिकायतकर्ता के अनुसार, सत्यनारायण के कई अन्य सहयोगियों ने भी उन्हें लाठी-डंडों से पीटा, जिससे वह घायल हो गए। आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद राकेश सोनकर 8 से 10 लोगों के साथ पुरानी बस्ती थाने पहुंचे और तत्काल मुकदमा दर्ज करने व गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। हालांकि, पुलिस ने उन्हें समझाकर वापस भेज दिया। पुरानी बस्ती थानाध्यक्ष जयदीप दूबे ने बताया कि पांडेय बाजार निवासी राकेश सोनकर की तहरीर पर सत्यनारायण के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ित के साथ आए कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। थानाध्यक्ष ने कहा कि थाने के सीसीटीवी फुटेज से शोर-शराबा कर रहे लोगों की पहचान की जाएगी और उन पर शांति भंग करने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि कोई भी थाने पर दबाव बनाने की कोशिश न कर सके। वहीं, इस मामले की विवेचना कर रहे सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि यह विवाद जमीन को लेकर था, जिसके कारण दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी।










































