Advertisement
पंजाब के नरेश पहलवान ने डुमरियागंज में आयोजित दो दिवसीय राम राम कुश्ती दंगल का खिताब जीत लिया है। मौनी अमावस्या मेले के अवसर पर राप्ती नदी तट स्थित परशुराम वाटिका में हुए इस दंगल में उन्होंने ‘राम राम केसरी’ की उपाधि हासिल की। धर्म रक्षा मंच के तत्वावधान में आयोजित इस दंगल के दूसरे दिन रविवार को नेपाल, भूटान सहित भारत के कई राज्यों से आए पहलवानों ने अपनी ताकत और दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। इस वर्ष 56 से अधिक पहलवानों ने इसमें भाग लिया। दंगल के पहले और दूसरे दिन कुल 72 से अधिक कुश्तियां हुईं, जिनके लिए 1100 रुपये से लेकर 21000 रुपये तक के पुरस्कार रखे गए थे। विजेता पहलवानों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। महामुकाबले के दूसरे दिन हुए फाइनल में नरेश पहलवान ने जीत हासिल कर ‘राम राम केसरी’ की उपाधि के साथ 21 हजार रुपये नकद, एक गदा और मोमेंटो प्राप्त किया। उपविजेता सर्वेश तिवारी पहलवान को 5100 रुपये का पुरस्कार दिया गया। दंगल के दूसरे दिन मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, सदर विधायक श्यामधनी राही, एडीएम गौरव श्रीवास्तव और पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने विधि-विधान से पूजन के बाद फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस दौरान 40 कुश्तियों के विजयी पहलवानों को पुरस्कृत किया गया। ‘राम राम केसरी’ की उपाधि के लिए विक्की, चिम चिम डोगरा, लक्की थापा, पंडित थापा, सर्वेश तिवारी, नरेश, शास्त्री और शमशेर जैसे पहलवानों के बीच कुल 16 कुश्तियां कराई गईं।










































