गैसड़ी में दर्जनों ग्रामीण सड़कें जर्जर:राहगीरों को आवागमन में परेशानी, जल्द मरम्मत की मांग; अधिकारियों ने दिया आश्वासन

7
Advertisement

तुलसीपुर तहसील क्षेत्र के गैसड़ी विकास खंड में दर्जनों ग्रामीण सड़कों की हालत बेहद खराब हो गई है। इन सड़कों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इन जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि ये सड़कें वर्षों से टूटी हुई हैं और इनकी मरम्मत के लिए कोई पहल नहीं की गई है। उनका आरोप है कि संबंधित निर्माण विभाग और स्थानीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जबकि आम जनता के साथ-साथ जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी इन्हीं सड़कों का उपयोग करते हैं। गैसड़ी क्षेत्र में कई प्रमुख मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। इनमें मानपुर से लालपुर भवनडीह होते हुए रजडेरवा चौराहा, कुड़वा जूनियर हाई स्कूल से मदरहवा तक, कुड़वा श्मशानघाट से जमुवरिया तक, गैसड़ी साथी मार्ग से महुआ तक, जूड़ीकुइयां चौराहा से गनेशपुर होते हुए त्रिलोकपुर मोड़ तक, रतनपुर चौराहे से रतनपुर पूर्वी बलुहवा तक, बेनीनगर से चौकिया मोड़ तक और बगनवा से गौरा नहर तक के पक्के मार्ग शामिल हैं। इन खराब सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बब्बू यादव, राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बृजेंद्र बहादुर, राजेश कुमार, शिवकुमार तिवारी, रक्षा राम यादव, रामस्वरूप, कमालुद्दीन, राजेंद्र प्रसाद पटवा, मोहम्मद सलीम और बैजनाथ जायसवाल सहित कई क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से इन गड्ढों में तब्दील मार्गों के शीघ्र निर्माण की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण खंड बलरामपुर के जेई भानु प्रताप यादव ने बताया कि समस्या को शासन स्तर पर अधीनस्थ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बजट मिलते ही इन सड़कों के निर्माण का कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा।
Advertisement