बस्ती के रानीपुर बेलाड़ी गांव स्थित गोशाला में गोवंशों की मौत का मामला गंभीर हो गया है। सोमवार को दो और गायों की मौत के बाद कुल मृत गोवंशों की संख्या 11 हो गई है। कई अन्य गायों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) अरुण गुप्ता की देखरेख में सोमवार को मृत दो गायों का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, दोनों गायों के मस्तिष्क (ब्रेन) में रक्तस्राव पाया गया है। इससे पहले मृत अन्य गायों के पोस्टमार्टम में भी ऐसे ही लक्षण सामने आए थे। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए रक्त और अन्य नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सीवीओ अरुण गुप्ता ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए बताया कि गोवंशों के उपचार में इस्तेमाल की गई दो दवाएं – अलबेंडाजोल और अबामेसिटिन – के प्रयोग पर पूरे जिले में तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। यह गोशाला पूर्व विधायक दिवंगत राना कृष्ण किंकर सिंह की बताई जा रही है, जहां कुल 16 गायें थीं। जानकारी के अनुसार, एक गाय के बीमार होने पर पशु चिकित्सक को सूचित किया गया था। हालांकि, चिकित्सक स्वयं मौके पर नहीं पहुंचे और फार्मासिस्ट प्रमोद के जरिए दवाएं भिजवा दी गईं। इन दवाओं के दिए जाने के बाद शनिवार से गोवंशों की मौत का सिलसिला शुरू हो गया। इस मामले में पूर्व विधायक की पत्नी विद्या सिंह की शिकायत पर पशु चिकित्सक अजय वरुण और फार्मासिस्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि पशुपालन विभाग भी पूरे प्रकरण की विभागीय जांच में जुटा है।










































