सिसवा में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान प्रतियोगिता आयोजित: ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने विजयी प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत – Siswa(Maharajganj) News

0
2

सोमवार को सिसवा ब्लॉक सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय आविष्कार अभियान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय खेसरारी मंशाछापर के छात्रों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। बच्चों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विज्ञान ने मानवीय जीवन को गहराई से प्रभावित किया है और इसके माध्यम से देश को सुपर पावर बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी बच्चों से पूरे मनोयोग से विज्ञान की पढ़ाई करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि खण्ड विकास अधिकारी सिसवा अर्जुन चौधरी ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें उचित अवसर देकर निखारने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी बताया कि विज्ञान में रुचि किसी भी कार्य को व्यवस्थित ढंग से करने की प्रेरणा देती है। प्रतियोगिता में शेषपुर के तीन छात्र-छात्राएं मोनिका, विवेक और तन्नू, मंशाछापर की छात्रा प्रिया और हरखपुरा के छात्र अभय का अंतिम रूप से चयन किया गया। ये सभी चयनित प्रतिभागी अब जिला स्तर पर विज्ञान प्रतियोगिता में सिसवा ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे। खण्ड शिक्षा अधिकारी बंशीधर सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एआरपी अरविंद जायसवाल ‘सरस’ ने किया। इस अवसर पर डायट प्रवक्ता अर्जुन शाही, विज्ञान एआरपी देवेंद्र पटेल, गणित एआरपी सूरज यादव, एआरपी अंभोज मिश्र, पूर्व एआरपी अरुण कुमार सिंह, शिवेंद्र मिश्रा, लालबिहारी, पूनम प्रभा सोनी, मुद्रिका गुप्ता, रमेश चौरसिया और प्रकाश कुमार सहित कई अध्यापक उपस्थित रहे।
Advertisement