ट्रैक्टर ट्रॉली से दबकर युवक की मौत: बहराइच के पयागपुर में ईंट भट्ठे पर हुआ हादसा – Payagpur News

7
Advertisement

बहराइच जिले के पयागपुर में सोमवार शाम एक युवक की ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा ईंट भट्ठे पर ईंट ढोते समय हुआ। मृतक की पहचान विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के गंगवल निवासी कतरनी(19) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कतरनी अपने बड़े भाई सद्दाम के साथ गंगवल स्थित एक ईंट भट्ठे पर ढुलाई का काम कर रहा था। बताया गया कि सद्दाम ट्रैक्टर को पीछे कर रहे थे, तभी पीछे खड़ा कतरनी अचानक ट्रॉली की चपेट में आ गया और ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। घटना देखकर भट्ठे पर मौजूद अन्य मजदूरों ने घायल कतरनी को तुरंत बाहर निकाला। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पयागपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement