वकील पर हमले के आरोपी गिरफ्तार नहीं:बलरामपुर में आक्रोशित वकीलों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया

3
Advertisement

बलरामपुर में 15 जनवरी को एक सीनियर वकीलपर हुए हमले और डकैती के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश है। सोमवार को नाराज अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया। सैकड़ों अधिवक्ता दीवानी न्यायालय परिसर से जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और नामजद व अज्ञात आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि गिरफ्तारी न होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाया। अधिवक्ता अजय बहादुर सिंह ने कहा कि पुलिस गंभीर धाराओं में कार्रवाई के बजाय आरोपियों को धारा 151 के तहत चालान कर छोड़ने की तैयारी में है। अधिवक्ता रमेश त्रिपाठी ने भी पुलिस अधीक्षक पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप दोहराया। इससे पहले, पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट अधिवक्ताओं ने बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव का एक दिन बहिष्कार भी किया था। अधिवक्ता कमलेश्वर सिंह ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि 15 जनवरी की रात अधिवक्ता सूर्य प्रकाश अपने परिवार के साथ चार पहिया वाहन से एक मित्र के घर जा रहे थे। बड़े पुल चौराहे के पास मजार के समीप नशे में खड़े कुछ लोगों ने रास्ता देने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए अधिवक्ता सूर्य प्रकाश को वाहन से बाहर खींच लिया। 10 से 15 लोगों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर मारपीट की। घटना के बाद आक्रोशित अधिवक्ताओं ने न्याय की मांग को लेकर रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक धरना प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं के दबाव में पुलिस ने डकैती और मारपीट की धाराओं में संबंधित आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की। अधिवक्ताओं ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यहां भी पढ़े:  शंकरपुर में सीओ ने ग्राम प्रहरियों को बांटे कंबल:भीषण ठंड से बचाव के लिए विभिन्न थानों पर कार्यक्रम
Advertisement