जयघोष और गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य कलश यात्रा, भक्तिमय हुआ मिठौरा का बरोहिया क्षेत्र

0
3

27 मार्च तक चलेगा श्री श्री 108 श्री शतचंडी महायज्ञ, 301 कन्याओं ने धारण किया कलश

रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।

महराजगंज। विकास खण्ड मिठौरा के ग्राम पंचायत बरोहिया में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गुरुवार को आस्था और श्रद्धा का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा क्षेत्र ‘जय माता दी’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। अवसर था श्री श्री 108 श्री शतचंडी महायज्ञ के भव्य शुभारंभ का,जिसका आगाज गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली विशाल कलश शोभा यात्रा के साथ हुआ।

भक्ति और शक्ति का अद्भुत संगम

मां काली मंदिर के समीप स्थित यज्ञ स्थल से प्रारंभ हुई इस शोभा यात्रा में 301 कुंवारी कन्याओं और महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर सहभागिता की। यह यात्रा बरोहिया छोटा टोला से शुरू होकर जगदौर, सोनबरसा, हरपुरकला, पड़रीकला, सेखुई और खरचौली होते हुए देवरिया शाखा नहर पुल (हरदी) पहुंची। वहां वैदिक रीति-रिवाज से पवित्र जल भरने के पश्चात यात्रा पुनः यज्ञ मंडप लौटी, जहां मंत्रोच्चार के बीच कलशों की स्थापना की गई।

आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हुआ क्षेत्र

यज्ञाचार्य पंडित राकेश मिश्रा एवं आचार्य भोलू पाण्डेय के निर्देशन में अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और भक्ति गीतों ने वातावरण में एक विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया। ग्राम प्रधान व यज्ञ समिति के संरक्षक गिरिजेश गुप्ता ने बताया कि यह महायज्ञ आगामी 27 मार्च तक निरंतर चलेगा, जिसका समापन विशाल भंडारे और पूर्णाहूति के साथ होगा।

इनका रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम की सफलता में यज्ञ समिति के अध्यक्ष सोनू गुप्ता, कोषाध्यक्ष गजेन्द्र सहित समिति के समस्त पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया। सुरक्षा और व्यवस्था के बीच संपन्न हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और वाहन जुलूस शामिल रहे, जिसने इस धार्मिक आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

विज्ञापन 2