नगर पंचायत रुधौली के इंदिरानगर वार्ड में भीषण ठंड के बीच अलाव न जलने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय निवासियों ने वार्ड सभासद से अलाव की व्यवस्था करने का आग्रह किया था। स्थानीय निवासी नसीम, शैलेन्द्र शैलेश और संजय सहित कई लोगों ने वार्ड सभासद से अलाव जलवाने की मांग की थी। उनकी शिकायत थी कि भीषण ठंड के बावजूद वार्ड में अलाव नहीं जलाए जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए वार्ड सभासद पंकज सिंह ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को लिखित शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने इंदिरानगर वार्ड में तत्काल अलाव जलाने की मांग की है। सभासद ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र व्यवस्था नहीं की गई, तो ठंड से सबसे अधिक प्रभावित बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की मुश्किलें और बढ़ेंगी। यह भी बताया गया है कि कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष और सभासद सुजीत सोनी ने भी अलाव जलाने की मांग की थी।






































