खुला रहा रेलवे फाटक, दौड़ती रही ट्रेन, VIDEO:सिद्धार्थनगर में गेटमैन की लापरवाही आई सामने, बाल-बाल बचीं कई जिंदगियां

6
Advertisement

चिल्हिया-शोहरतगढ़ रेलखंड पर स्थित गौहनिया रेलवे फाटक पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। गेटमैन की कथित लापरवाही के कारण फाटक बंद नहीं किया गया और उसी दौरान गोरखपुर-बहराइच स्पेशल ट्रेन (05131) तेज रफ्तार से गुजर गई। इस गंभीर चूक का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन आने से पहले न तो फाटक बंद किया गया और न ही कोई चेतावनी दी गई। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे, साइकिल सवार, बाइक और पैदल राहगीर फाटक के दोनों ओर मौजूद थे। ट्रेन की तेज रफ्तार देख लोग घबरा गए और किसी तरह पीछे हटकर अपनी जान बचाई। कई लोग बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जरा-सी भी देर हो जाती या कोई वाहन पटरी पर आ जाता, तो कई जानें जा सकती थीं। यह महज किस्मत थी कि बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि पटरी पर लगी खतरे की लाल झंडी तक उड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन के लोको पायलट ने भी तत्काल सूझबूझ दिखाई। उन्होंने ट्रेन को कुछ दूरी पर रोककर रेलवे क्रॉसिंग पर शिकायत दर्ज कराई और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। लोको पायलट द्वारा की गई शिकायत से यह स्पष्ट होता है कि खतरा वास्तविक था और लापरवाही अस्वीकार्य है। चिल्हिया थाना क्षेत्र के जमुनी गांव निवासी सर्वेश मिश्रा, जो घटना के प्रत्यक्षदर्शी थे, ने अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने बताया कि वे सुबह फाटक के पास मौजूद थे, तभी अचानक ट्रेन आती दिखाई दी। फाटक खुला देखकर लोग इधर-उधर भागने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए।
यहां भी पढ़े:  श्रावस्ती में किसान यूनियन, भीम आर्मी का प्रदर्शन:सीएचसी में टांके की कमी का लगाया आरोप, चक्काजाम किया
Advertisement