बस्ती जिले के गौर ब्लॉक के बैदोलिया गांव में फर्जी मेड़बंदी के नाम पर सरकारी धन के गबन का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी के आदेश पर हुई जांच में ग्राम प्रधान ममता पाण्डेय की संलिप्तता उजागर हुई है। जांच में पाया गया कि ग्राम प्रधान ने मेड़बंदी का कार्य कराए बिना ही कागजों में इसे पूर्ण दिखाकर 8 लाख 31 हजार रुपये का फर्जी भुगतान करा लिया। भौतिक सत्यापन के दौरान मौके पर कोई कार्य नहीं मिला, जबकि सरकारी अभिलेखों में धन की निकासी दर्शाई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान की सभी प्रशासनिक और वित्तीय शक्तियां सीज कर दी हैं। इसके साथ ही गबन की गई धनराशि की वसूली और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी धन के दुरुपयोग या भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






































