धेनुगांव गन्ना क्रय केंद्र पर किसानों का हंगामा:तौल टिकट न मिलने का आरोप लगाया, अधिकारियों ने लिया संज्ञान

9
Advertisement

विक्रमजोत सहकारी गन्ना समिति के अंतर्गत रौजागांव शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र धेनुगांव में किसानों ने हंगामा किया। तौल टिकट न मिलने से आक्रोशित किसानों ने गन्ने का तौल बंद करा दिया और प्रदर्शन किया। यह घटना शुक्रवार को हुई। प्रदर्शन में रघुनंदन सिंह, कृष्ण जीवन सिंह, सर्वजीत सिंह, सूबेदार, जिलेदार, रामदौर पासवान, रामस्वरूप मौर्य और रघुनाथ तिवारी सहित सैकड़ों किसान शामिल थे। उन्होंने तौल कांटे पर चढ़कर नारेबाजी की। किसानों का आरोप है कि जिन लोगों के पास खेती का रकबा नहीं है, उनकी पर्चियां लगातार आ रही हैं। वहीं, गरीब किसानों का गन्ना औने-पौने दामों पर नकद खरीदकर बेचा जा रहा है। पर्ची न मिलने के कारण किसान मजबूर हैं और उन्हें शोषण का शिकार होना पड़ रहा है। गन्ना तौल बंद होने की सूचना पर रौजागांव चीनी मिल के सीडीओ विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि, किसानों का आक्रोश कम नहीं हुआ और तौल फिर से शुरू नहीं हो पाई। इस संबंध में सरकारी गन्ना समिति विक्रमजोत के सचिव अंगद वर्मा ने बताया कि धेनुगांव क्रय केंद्र के किसानों से शिकायतें मिली हैं। आरोपित किसानों को नोटिस जारी किए गए हैं। समय पर अभिलेख उपलब्ध न कराने पर उनके सट्टे को लॉक कर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement