गौर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर परासडीह गांव में पट्टे की भूमि पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में छह लोगों के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। यह घटना लगभग दो माह पहले हुई थी। परासडीह गांव निवासी राघव मणि ने न्यायालय में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 4 नवंबर 2025 की शाम कुछ ग्रामीण उनकी पट्टे की जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। राघव मणि के अनुसार, उन्होंने घटना की सूचना पहले गौर थाने को दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से भी गुहार लगाई, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः उन्हें न्याय के लिए न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश पर गौर पुलिस ने परासडीह गांव निवासी राम कुबेर सोनार, प्रदीप सोनार, घनश्याम, रामबसावन और गौर थाना क्षेत्र के सुजिया गांव निवासी शकीउरहमान व रियाज अहमद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गौर के थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर छह आरोपियों के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना की जा रही है।





































