श्रावस्ती जनपद के इकौना थाना क्षेत्र में एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पुल के नीचे खाई में पलट गई। यह घटना इकौना-भिनगा मार्ग पर भोजपुर गांव के पास हुई। हादसे में एंबुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, सीतापुर जनपद के कमलापुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी 26 वर्षीय उमेर खान पुत्र शराफत खान एंबुलेंस लेकर भिनगा की ओर जा रहे थे। भोजपुर गांव के पास पहुंचने पर अचानक एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई और पुल के नीचे खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में चालक उमेर खान को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दूसरी एंबुलेंस पहुंची। घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उमेर खान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय पुलिस ने घटना की जानकारी ली है और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।





































