अमौना स्कूल में बच्चों को पोषण:संस्था ने किशोरावस्था में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी

0
4

इटवा नगर पंचायत के कम्पोजिट विद्यालय अमौना में मंगलवार को सिनर्जी संस्था ने छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान खून की कमी, छात्राओं में माहवारी स्वच्छता, पोषण और किशोरावस्था के दौरान शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। सिनर्जी के ब्लॉक समन्वयक श्याम यादव ने बताया कि वर्तमान समय में जानकारी के अभाव में बच्चे विभिन्न प्रकार के रोगों से ग्रसित हो जाते हैं। इनकी रोकथाम के लिए स्कूली छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने किशोरावस्था के दौरान बच्चों के कुसंगति में पड़कर अनैतिक कार्यों जैसे धूम्रपान और मदिरा सेवन में रुचि लेने से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले बुरे प्रभावों पर भी बात की। श्याम यादव ने जोर दिया कि किशोरावस्था में संतुलित मात्रा में आहार लेने से शारीरिक और बौद्धिक विकास होता है। ब्लॉक समन्वयक गिरजेश पाठक ने व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए हमें अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखना चाहिए। शौचालय का प्रयोग करना, शौच के बाद साबुन से हाथ धोना और बाहर की चीजों को खाने से परहेज करना चाहिए, ताकि शरीर निरोगी रहे। इस दौरान बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक मो. इमरान, विजय लक्ष्मी, इसराईल और राजेश्वरी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
Advertisement