श्रावस्ती के सिरसिया थाना क्षेत्र स्थित बेलहरी गांव में एक धार्मिक स्थल से जुड़े विवाद पर प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज के निर्देश पर पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर के माध्यम से अवैध रूप से बनाई गई मजार और उससे जुड़े निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई वर्षों पहले पेरा बाबा बेलहरी गांव में निवास करते थे और सनातन धर्म के अनुयायी थे। उनके निधन के बाद ग्रामीणों ने उसी स्थान पर उनकी समाधि बना दी थी। आरोप है कि कुछ वर्षों बाद मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने इस समाधि को मजार का रूप दे दिया और धीरे-धीरे उस भूमि पर कब्जा कर लिया। इस मामले को लेकर स्थानीय हिंदू संगठनों के साथ-साथ जमीन के स्वामियों ने भी आपत्ति दर्ज कराई थी। विरोध के बावजूद अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की शिकायत एसडीएम भिनगा से की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने मामले की जांच कराई। जांच के बाद मंगलवार को मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई गई मजार को हटाया गया। इसके अतिरिक्त, मजार की देखरेख करने वाले व्यक्ति द्वारा पास में बनाए गए एक छोटे घर नुमा निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि अवैध कब्जा और निर्माण हटाने के लिए की गई है। स्थानीय हिंदूवादी संगठनों ने कहा कि उन्हें पेरा बाबा की मूल समाधि से कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन समाधि को मजार का रूप दिए जाने पर आपत्ति थी। उन्होंने प्रशासन की इस कार्रवाई को न्यायपूर्ण बताया।






































