जमुनहा में यातायात व्यवस्था दुरुस्त:व्यवस्था सुधारने के लिए सड़क किनारे से हटाए गए अवैध कब्जे

3
Advertisement

श्रावस्ती। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र में सड़क किनारे फैले अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को बेहतर किया गया। इसी क्रम में मंगलवार को उपजिलाधिकारी जमुनहा संजय रॉय, सिंचाई विभाग और थाना मल्हीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कानीबोझी चौराहे पर कार्रवाई की। टीम ने नहर के दोनों किनारों पर पैदल गश्त करते हुए सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया। अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से लगे ठेले, रेहड़ी, दुकानों के बढ़े हुए हिस्से, ढाबली और अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया। संबंधित दुकानदारों और ठेला संचालकों को भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई, अन्यथा विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अतिक्रमण हटने से क्षेत्र में जाम की समस्या से राहत मिली है और आवागमन पहले से अधिक सुगम हो गया है। प्रशासन ने दुकानदारों और आमजन से यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह जनहितकारी अभियान जमुनहा ब्लॉक की सड़कों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी जारी रहेगा।

यहां भी पढ़े:  बस्ती में ओवरलोड 7 ट्रक सीज:सड़क सुरक्षा के लिए नगर पुलिस का अभियान, कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई
Advertisement