बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी विकासखंड अंतर्गत भरवलिया गांव में मंगलवार शाम एक 15 वर्षीय किशोरी का शव कमरे में दुपट्टे से लटका मिला। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत किशोरी की पहचान अंजलि (15) पुत्री नरोत्तम भुज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अंजलि अपनी मां राजपति देवी के साथ गांव में रहती थी। उसके पिता नरोत्तम और भाई संदीप रोजी-रोटी के लिए मुंबई में मजदूरी करते हैं। मंगलवार को अंजलि की मां राजपति देवी बाजार गई हुई थीं। जब वह वापस लौटीं और कमरे का दरवाजा खोला, तो उन्होंने अपनी बेटी को फंदे से लटका हुआ पाया। उनके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। अंजलि जूनियर हाई स्कूल बनकटी में कक्षा छह की छात्रा थी। परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी गुड़िया की शादी हो चुकी है, जबकि अंजलि अपनी मां के साथ घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना की सूचना पर लालगंज थाना क्षेत्र के थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


































