फरेंदा बाईपास पर डिवाइडर से टकराई कार: ओवरटेक के दौरान हादसा – Pharenda News

6
Advertisement

महराजगंज के फरेंदा थाना क्षेत्र में मंगलवार 6ः30 बजे शाम एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। मथुरा नगर बाईपास पर तेज रफ्तार में ओवरटेक के प्रयास में एक मारुति कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इस हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन वाहन में सवार तीनों लोग चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार, कार चालक बाईपास पर एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। हालांकि, एयरबैग न खुलने के बावजूद यात्रियों को कोई खरोंच नहीं आई।प्रत्यक्षदर्शी रामउजागिर ने बताया कि कार डिवाइडर पर लटक गई थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह यात्रियों को बाहर निकाला। कार में एक महिला और दो पुरुष सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।घटनास्थल पर हड़कंप मच गया और बाईपास पर करीब आधे घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सामान्य कराया। फरेंदा थाना प्रभारी ने बताया कि चालक का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।स्थानीय लोगों ने मथुरा नगर बाईपास पर लगातार हो रहे हादसों पर नाराजगी व्यक्त की है। पिछले एक साल में इस बाईपास पर 15 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें तेज रफ्तार और गलत ओवरटेकिंग मुख्य कारण रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस संबंध में सख्त कदम उठाने की मांग की है।
यहां भी पढ़े:  बलरामपुर में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव:घर से 50 किमी दूर मिली लाश, झाड़ियों से नंबर प्लेट उल्टी लगी बाइक बरामद
Advertisement