श्रावस्ती में प्रशासन ने अवैध मजार ध्वस्त की:विवादित भूमि से अतिक्रमण हटाकर खाली कराया गया

6
Advertisement

श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेलहारी में मंगलवार को प्रशासन ने एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। यह मजार ‘प्यारे बाबा’ के नाम से जानी जाती थी और इसे लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। पीड़ित परिवार के सदस्य देवतादीन (पुत्र गुरुप्रसाद) और रामप्रसाद (पुत्र राम सागर) ने सिरसिया थाने में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। इसके साथ ही, हिंदू संगठनों ने भी इस अवैध मजार को ध्वस्त कर प्रभावित खाताधारकों को कब्जा दिलाने की मांग की थी। प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया था। उपजिलाधिकारी आशीष भारद्वाज और पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश चंद्र शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया था। मंगलवार को प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से अवैध मजार को ध्वस्त कर भूमि खाली कराई। इस दौरान नायब तहसीलदार शुभम् तिवारी, थाना अध्यक्ष शैलकांत उपाध्याय, हल्का लेखपाल कृष्ण चंद्र मिश्रा और प्रधान आशीष श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। हल्का लेखपाल कृष्ण चंद्र मिश्रा ने बताया कि यह मजार मिन जुमला नंबर की भूमि पर बनी थी। गाटा संख्या 744 में तीन खाते हैं, जिनमें से एक खाते में दो लोग साझेदार हैं, जबकि अन्य दो लोगों के अलग-अलग खाते हैं।

Advertisement