ललिया में बिजली पोल से टकराई बाइक, सवार की मौत:सिंहपुर कस्बे में हुआ हादसा

5
Advertisement

मंगलवार दोपहर ललिया थाना क्षेत्र के सिंहपुर कस्बे में एक सड़क हादसे में 38 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। उनकी अनियंत्रित मोटरसाइकिल बिजली के खंभे से टकरा गई। मृतक की पहचान कोलवा रामपुर के पूर्व प्रधान दिनेश पाण्डेय के पुत्र अतुल पाण्डेय (38 वर्ष) के रूप में हुई है। अतुल मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे शिवपुरा की ओर से ललिया की तरफ अपनी अपाची मोटरसाइकिल से आ रहे थे। सिंहपुर कस्बे में हनुमानगढ़ी मंदिर के सामने उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अतुल पाण्डेय को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बिजली का खंभा टूटकर गिर गया। सूचना मिलने पर ललिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने अतुल पाण्डेय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना ललिया के निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने नियमानुसार शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Advertisement