बस्ती। मुंडेरवा पुलिस ने अवैध तमंचे और कारतूस के साथ एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शमशाद पुत्र इशराइल निवासी जगदीशपुर नटबाग, थाना मुंडेरवा, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। उसे बस्ती-कांटे मार्ग पर अहरा बुधा नाले के पास से पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत और क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में मुंडेरवा पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी, तभी 20 जनवरी 2026 को देर रात करीब 1:45 बजे शमशाद को पकड़ा गया। उसके खिलाफ थाना मुंडेरवा में मु0अ0सं0 13/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, शमशाद ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चीनी मिल से कई बार लोहा चोरी किया है। उसके खिलाफ थाना मुंडेरवा में पहले से ही मु0अ0सं0 170/2025 धारा 331(4), 305(a) बीएनएस के तहत एक मामला दर्ज है, जिसकी विवेचना चल रही है। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक 12 बोर का तमंचा, एक 12 बोर का कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त शमशाद का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ थाना मुंडेरवा में आर्म्स एक्ट के अलावा चोरी और अन्य धाराओं में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मु0अ0सं0 274/2020 धारा 380, 457 आईपीसी, मु0अ0सं0 305/2020 धारा 379, 411 आईपीसी और मु0अ0सं0 128/2021 धारा 379, 411 आईपीसी शामिल हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजेंद्र यादव, उपनिरीक्षक जावेद खान, हेड कांस्टेबल देवानंद यादव, हेड कांस्टेबल पुनीत पाठक और कांस्टेबल कामोद कुशवाहा शामिल थे।
Home उत्तर प्रदेश अवैध तमंचे संग हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार:मुंडेरवा पुलिस ने बस्ती-कांटे मार्ग से दबोचा, चोरी...






































