सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से संबद्ध ए.पी.एन. डिग्री कॉलेज में मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े छात्रों ने परीक्षा पैटर्न में अचानक बदलाव को लेकर जोरदार हंगामा और धरना प्रदर्शन किया। बी.कॉम प्रथम वर्ष के छात्रों ने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रण विभाग पर गंभीर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय स्तर से पहले यह स्पष्ट किया गया था कि बी.ए., एम.ए., एल.एल.बी. सहित सभी पाठ्यक्रमों के माइनर पेपर ऑब्जेक्टिव (बहुविकल्पीय) होंगे। इसी जानकारी के आधार पर बी.कॉम और बी.एससी प्रथम वर्ष के छात्रों ने अपनी तैयारी की थी। हालांकि, परीक्षा शुरू होने से महज तीन घंटे पहले बी.कॉम प्रथम वर्ष के माइनर पेपर को अचानक सब्जेक्टिव (वर्णनात्मक) घोषित कर दिया गया। इस अचानक हुए बदलाव से छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। ए.पी.एन. डिग्री कॉलेज की ABVP इकाई के अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह सूर्यवंशी ने इस संबंध में कहा कि परीक्षा के दिन ऐन वक्त पर नियमों में बदलाव करना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि परीक्षा नियंत्रण विभाग को पेपर के स्वरूप की जानकारी पहले से थी, तो समय रहते छात्रों को सूचित क्यों नहीं किया गया। सूर्यवंशी ने यह भी आरोप लगाया कि जब छात्रों ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनकी बात सुने बिना ही फोन काट दिया गया। हंगामा कर रहे छात्रों ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए मांग की कि बी.कॉम प्रथम वर्ष के माइनर पेपर को तत्काल ऑब्जेक्टिव ही रखा जाए। यदि यह संभव नहीं है, तो परीक्षा को स्थगित कर कम से कम पांच दिन बाद नई तिथि घोषित की जाए, ताकि सभी छात्र सब्जेक्टिव परीक्षा की तैयारी कर सकें। कॉलेज के प्राचार्य अभय प्रताप सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार सभी माइनर पेपर ऑब्जेक्टिव हैं, लेकिन बी.कॉम प्रथम वर्ष की परीक्षा को डिस्क्रिप्टिव (वर्णनात्मक) रखा गया है। उन्होंने छात्रों को परीक्षा बहिष्कार से रोकने का प्रयास किया और उनकी समस्याओं को विश्वविद्यालय स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। धरने में इकाई मंत्री महेंद्र चौधरी, सत्यम वर्मा, यश, अर्पित, हर्षदीप, आदित्य सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे। देर शाम तक कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन के अंतिम निर्णय का इंतजार करते रहे।
Home उत्तर प्रदेश सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, परीक्षा पैटर्न बदला:छात्रों का हंगामा, ABVP ने मनमानी का आरोप...










































