सपा ने SIR फॉर्म 6 भरवाने पर की बैठक: महराजगंज में भाजपा पर PDA समाज के वोट काटने का आरोप लगाया – Rudhauli Bhawchak(Maharajganj sadar) News

3
Advertisement

महराजगंज स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में एसआईआर (SIR) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और एसआईआर के जिला प्रभारी ओपी यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने की। जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) और पदाधिकारी अपने-अपने बूथों पर जाकर मतदाताओं की फॉर्म 6 भरवाने में मदद करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक भी मतदाता छूटना नहीं चाहिए, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के वोट काटना चाहती है। यादव ने चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर किसी मतदाता का वोट नहीं कटने दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर भी उतरेंगे। मुख्य अतिथि ओपी यादव ने अपने संबोधन में सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर छूटे हुए मतदाताओं के फॉर्म भरवाने और शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो नेता या कार्यकर्ता मन से काम नहीं करेगा, उसकी सूचना राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी जाएगी। यादव ने इस चुनाव को समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए ‘जीवन-मरण का सवाल’ बताया, आरोप लगाया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में सपा को समाप्त करना चाहती है। उन्होंने विशेष रूप से पीडीए समाज के लोगों का एक भी वोट न कटने देने पर जोर दिया। इस अवसर पर समसुद्दीन अली, यगदत्त पासवान, विजय यादव, राजेश यादव, रामलाल यादव, आमिर खान, मक्कू प्रसाद, निरमेश मंगल, श्रीमती गीता रतन पासवान, रजनीश यादव, बिंद्रेश कनौजिया, प्रह्लाद यादव, केडी यादव, अमरजीत साहनी, समीम खान और डॉ. राजेश यादव सहित कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। बैठक में विजय यादव, गोरख यादव, हीरालाल जख्मी, कैलाश रसिया, रामकृपाल चौरसिया, राजेश निषाद, रामललित मौर्य, संजय कन्नौजिया, अमरजीत सहानी, सुमन ओझा और विजय जायसवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव शमसुल होदा ने किया।
Advertisement