बस्ती में भूमि विकास बैंक (सहकारी समिति) के अध्यक्ष पद के चुनाव मंगलवार को संपन्न हुए। इसमें भाजपा के दोनों प्रत्याशी ओम प्रकाश त्रिपाठी और गौर ब्लाक के महुआडाबर निवासी श्याम बहादुर सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए । नामांकन प्रक्रिया ब्लॉक कार्यालय परिसर में पूरी की गई। हर्रैया शाखा के लिए दोपहर 12 बजे और बस्ती सदर शाखा के लिए दोपहर 1:30 बजे नामांकन दाखिल हुए। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी शाखा बस्ती से ओम प्रकाश त्रिपाठी और शाखा हर्रैया से श्याम बहादुर सिंह ने पीठासीन अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र दाखिल न करने के कारण, दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। भाजपा ने पहले ही दोनों शाखाओं के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। निर्विरोध निर्वाचन की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक कार्यालय परिसर में मिठाई खिलाकर और फूल-मालाएं पहनाकर खुशी मनाई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र भी उपस्थित थे। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्षों को शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित श्याम बहादुर सिंह ने कहा कि भूमि विकास बैंक सहकारी समिति किसानों, सदस्यों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि दोनों अध्यक्ष निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता से कार्य करते हुए किसानों के हितों को प्राथमिकता देंगे। इस कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव, भानु प्रकाश मिश्र, आनंद सिंह कलहंस, अभिषेक कुमार, अमृत वर्मा, वीरेंद्र गौतम, प्रबल मालानी, शिव चरण जायसवाल, सुखराम गौड़, शिव बहादुर मौर्या, नितेश सिंह और सुनील पाण्डेय सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।











































