जोगिया कलां में सिपाही ने अस्पताल में हंगामा किया:मानसिक हालात बिगड़ने पर पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया

7
Advertisement

हरैया सतघरवा के ललिया थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा में बुधवार दोपहर एक सिपाही ने हंगामा किया। सूचना मिलने पर ललिया पुलिस ने सिपाही को हिरासत में लिया है। सिटकिहवा चौराहा निवासी ग्रामीणों ने बताया कि वर्दीधारी व्यक्ति की मानसिक और शारीरिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। वह अपनी पहचान और तैनाती से जुड़ी जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं दे पा रहा था। ललिया पुलिस ने उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा भेजा। परीक्षण के दौरान उसके द्वारा अनुचित भाषा का प्रयोग करने की बात भी सामने आई है। बताया जाता है कि वर्दीधारी की पहचान कन्हैया कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है। वह वर्ष 2019 बैच का सिपाही है और उसकी तैनाती बहराइच पुलिस लाइन में है। कन्हैया मूल रूप से मिर्जापुर जनपद का निवासी है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। इस संबंध में थाना ललिया के निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित सिपाही का मेडिकल परीक्षण कराया। प्रकरण की जानकारी नियमानुसार जनपद बहराइच पुलिस को भेज दी गई। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सिपाही को बहराइच पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
Advertisement