Advertisement
रूपईडीहा के गोकुलपुर मेला मैदान में 21 जनवरी 2026, बुधवार को एक विशाल हिंदू सम्मेलन और निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। राधेलाल हरि नारायण ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने सहभागिता की और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। हिंदू सम्मेलन की अध्यक्षता महंत भगवान दास ने की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और हिंदुओं को एकता तथा संगठित होने पर जोर दिया। नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख डॉ. जयप्रकाश सिंह ने हिंदुओं को आपसी सामंजस्य और समरसता बनाए रखने पर अपने विचार व्यक्त किए। नगर पंचायत रुपईडीहा के डॉ. उमाशंकर वैश्य ने सामाजिक एकता, सेवा और स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सीतापुर नेत्र चिकित्सालय की टीम द्वारा एक निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। इसमें 150 से अधिक मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। नेत्र चिकित्सक डॉ. तानिया बरनवाल ने बताया कि जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता है, उन्हें सीतापुर चिकित्सालय ले जाकर निशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस सफल आयोजन का तत्वाधान राधेलाल हरि नारायण ने किया, जबकि रवि अग्रवाल ने इसका कुशल प्रबंधन संभाला। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और समाजसेवी उपस्थित रहे।










































