बस्ती के ग्राम सभा संग्रामपुर के पही तिया भट्ठा गांव के पास पिछले लगभग एक वर्ष से नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। टूटी हुई नाली की मरम्मत न होने के कारण यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ग्रामीण शिवपूजन, आज्ञाराम, राजाराम, बाबूराम, दुर्गा प्रसाद और रामदेव ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत कर चुके हैं। उन्हें हर बार केवल ‘हो जाएगा’ का आश्वासन मिला, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी न तो नाली की मरम्मत हुई और न ही जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था बन पाई। बारिश के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। सड़क पर जमा गंदा पानी आवागमन को बाधित करता है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में काफी परेशानी और जोखिम उठाना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाली टूटने के बाद से जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी हुई है। इस संबंध में गांव की प्रधान विजय लक्ष्मी के प्रतिनिधि प्रेमचंद यादव ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा अधिक पानी छोड़े जाने से यह समस्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पहले तालाब में पानी सूख जाता था, लेकिन अब वह ऊपर बह रहा है। यादव ने आश्वासन दिया कि व्यवस्था बनते ही नाली की मरम्मत कराई जाएगी। वहीं, हर्रैया के ए.डी.ओ. पंचायत जे. पी. राय ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि वे प्रधान से बात कर तत्काल नाली की मरम्मत सुनिश्चित कराएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें इस लंबे समय से चली आ रही समस्या से निजात मिल सके।



































