श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती की भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीमें पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के नेतृत्व में सीमावर्ती इलाकों में लगातार गश्त और कड़ी निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में थाना मल्हीपुर पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने सीमा से सटे ग्राम ककरदरी के इलाके में पैदल गश्त की। इस दौरान आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी गई और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर विशेष चौकसी बरती गई। अधिकारियों के अनुसार, सीमावर्ती इलाकों की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और SSB हर स्थिति में सतर्क हैं। अवैध घुसपैठ, तस्करी और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संयुक्त गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसके अतिरिक्त, जनपद के अन्य सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में भी पुलिस और SSB की टीमें मुस्तैदी से तैनात हैं और दिन-रात निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी गलत मंसूबे को समय रहते विफल किया जा सके। श्रावस्ती पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही सीमा की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति कायम रखी जा सकती है।




































