Advertisement
ठूठीबारी थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की शिकायत कर लौट रहे एक व्यक्ति पर हमला हो गया। मंगलवार को हुई इस घटना में कुछ लोगों ने पीड़ित की पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। ठूठीबारी निवासी राजेश गुप्त पुत्र रामछबिला ने बताया कि वह मंगलवार को निचलौल एसडीएम से क्षेत्र में हो रहे अवैध मिट्टी खनन की शिकायत कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गडौरा के पास रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि भरवलिया निवासी अरुण यादव, नौनिया निवासी शत्रुधन पुत्र बनवारी यादव, सुकरहर निवासी गणेश यादव, उसका अज्ञात ड्राइवर और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर मारपीट की। हमलावरों ने राजेश गुप्त को जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में पीड़ित की नाक से खून बहने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद भीड़ ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। पीड़ित ने ठूठीबारी थाने में घटना की तहरीर दी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









































