श्रावस्ती जिले के दुर्गापुर गांव निवासी रिडू उर्फ अरविंद (पुत्र सूखितराम) की सांड से टकराने के बाद दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब अरविंद अपनी ससुराल फतुहापुर से वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक सामने आए सांड से उनकी जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बुधवार रात हुआ। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और परिजनों को सूचना दी। युवक की हालत गंभीर देख ग्रामीणों ने तत्काल सोनवा थाना पुलिस को घटना से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायल अरविंद को जिला अस्पताल भिनगा भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।






































