महराजगंज में सर्राफा कारोबारी पर फायरिंग: हमलावरों ने तमंचे से झोका फायर, रेस्टोरेंट में घुसकर बचाई जान – Siswa(Maharajganj) News

10
Advertisement

सिसवा नगरपालिका के मीराबाई नगर वार्ड बाईपास रोड पर बुधवार रात एक स्वर्ण व्यवसायी पर अज्ञात हमलावरों ने तमंचे से फायरिंग की। व्यवसायी ने पास के एक रेस्टोरेंट में घुसकर अपनी जान बचाई। गोली व्यवसायी की पीठ को छूकर निकली, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलने पर कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना बुधवार रात करीब सवा आठ बजे हुई। चित्रगुप्त नगर वार्ड निवासी 42 वर्षीय गोविंद सोनी, जो गोपाल सोनी के पुत्र हैं, भोजन के बाद मीराबाई नगर वार्ड के बाईपास रोड पर टहल रहे थे। गोविंद सोनी की सब्जी मंडी रोड पर आभूषण की दुकान है। पीड़ित ने बताया कि, बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने मुझ पर तमंचे से फायर कर दी। गोली पीठ को छूकर निकल गई। गोली चलने के बाद वह घबरा गए और तुरंत पास के एक रेस्टोरेंट में शरण ली। हमलावरों ने दूसरा फायर भी किया, जिसकी बुलेट घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिली। घटना की जानकारी एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने कोठीभार पुलिस को दी। पुलिस ने घायल गोविंद सोनी को तत्काल इलाज के लिए सिसवा सीएचसी में भर्ती कराया। इस मामले में एसओ कोठीभार धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि हमलावर जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
Advertisement