Advertisement
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में चंदन नदी पुल के पास रोते हुए मिले दो भटके बच्चों को पुलिस ने उनके परिजनों से मिला दिया। पुलिस की सतर्कता से दोनों बच्चे सुरक्षित अपने घर पहुंच सके। यह घटना थाना ठूठीबारी क्षेत्र के पुलिस बूथ के पास गश्त के दौरान सामने आई। पुलिसकर्मियों ने बच्चों को रोते हुए देखा और उन्हें रोका। पुलिस ने उनसे बात करने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे डरे हुए थे और लगातार रो रहे थे। काफी कोशिश के बाद बच्चों ने अपनी पहचान बताई। बच्चों ने अपने नाम नरगिस (7) पुत्री अलाउद्दीन और गुलाम सोमानी (5) पुत्र जलालुद्दीन बताए। वे नारायणपुर, थाना बरगदवा के निवासी हैं और गलती से रास्ता भटक गए थे। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित पुलिस बूथ पर बैठाया। सी-प्लान ऐप का उपयोग कर उनके परिजनों का संपर्क नंबर निकाला गया और उन्हें सूचना दी गई। कुछ ही समय में परिजन पुलिस बूथ पहुंचे, जहां आवश्यक पूछताछ और पुष्टि के बाद बच्चों को उनके सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने अपने बच्चों को सुरक्षित पाकर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बच्चों पर विशेष ध्यान दें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें।









































