वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर पदयात्रा: एसएसबी ने बहराइच में जन-जागरूकता रैली निकाली – Bahraich News

0
3

बहराइच के भरथापुर में “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक भव्य स्मरणोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। 70वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) लखीमपुर खीरी की सी समवाय ने कमाण्डेन्ट राजन कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में देशभक्ति पदयात्रा और जन-जागरूकता रैली निकाली। इसका उद्देश्य “वंदे मातरम्” के ऐतिहासिक महत्व, स्वतंत्रता संग्राम में इसके योगदान और वर्तमान पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करना था। इस पदयात्रा और रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, ग्रामवासियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” जैसे नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। पदयात्रा के दौरान उपस्थित जनसमुदाय को राष्ट्रीय मूल्यों, संविधान के प्रति निष्ठा, सामाजिक सद्भाव और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण बना रहा, जिससे विद्यार्थियों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर अधिकारियों ने विद्यार्थियों को देशभक्ति, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के महत्व पर संबोधित किया, तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान के भावपूर्ण गायन के साथ हुआ।
Advertisement