Advertisement
बहराइच जिले के कतर्निया घाट वन्य जीव प्रभाग के सुजौली इलाके में एक बाघ ने घर के बाहर बंधी एक गाय पर हमला कर उसे मार डाला। यह घटना चांद खां पुरवा ग्राम में हुई, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीण रामलखन की पालतू गाय उनके घर के बाहर आंगन में बंधी हुई थी। तभी अचानक जंगल से निकले एक बाघ ने उस पर हमला कर दिया, जिससे गाय की मौके पर ही मौत हो गई। गृह स्वामी रामलखन के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के हांका लगाने के बाद बाघ मवेशी को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। यह पूरा इलाका जंगल से सटा हुआ है, जिसके कारण अक्सर जंगली जानवर गांवों की ओर आ जाते हैं। इस घटना के बाद वन विभाग ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।


































