डिहुआ में चोरी, 36 घंटे बाद भी FIR दर्ज नहीं: पीड़ित परेशान, नगदी और जेवर सहित लाखों का सामान पार – Shivpur(Bahraich) News

10
Advertisement

खैरीघाट थाना क्षेत्र के डिहुआ गांव में एक बंद घर में चोरी हो गई। घटना शुक्रवार-शनिवार की रात हुई, लेकिन 36 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। पीड़ित परिवार न्याय के लिए परेशान है। डिहुआ गांव निवासी अनीश पुत्र मुशर्रफ के घर में यह वारदात हुई। घटना के समय अनीश अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। शनिवार दोपहर जब वे घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर से एक जोड़ी सोने की झुमकी, तीन सोने की नथिया, चार चांदी के खड़ुआ, दो चांदी की पायल, छह चांदी की चुटकी, चार अंगूठी, दो गुल्लक (नगदी सहित), पीतल का लोटा, तस्ला, दो थाली, एक बैटरी और ₹42,000 नकद चुरा लिए। पीड़ित अनीश ने डायल 112 पर चोरी की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। हालांकि, घटना के 36 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। इससे आहत होकर रविवार शाम करीब 4 बजे पीड़ित ने मीडिया के सामने आकर न्याय की गुहार लगाई। इस संबंध में थानाध्यक्ष खैरीघाट आनंद सिंह ने बताया कि अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है और मामले की जांच कराई जा रही है।
यहां भी पढ़े:  बलरामपुर में ट्रक-कार की टक्कर:पीपल तिराहा के पास बड़ा हादसा टला, सभी सुरक्षित
Advertisement