सिद्धार्थनगर में शीतलहर के चलते स्कूलों का अवकाश बढ़ा:डीएम ने 12 वीं तक स्कूलों में 22 दिसंबर को छुट्टी के दिए आदेश

8
Advertisement

सिद्धार्थनगर में लगातार जारी भीषण शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के अवकाश की अवधि बढ़ा दी है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. के निर्देश पर अब जनपद के सभी सीबीएसई, आईसीएसई, परिषदीय, मान्यता प्राप्त, अशासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 22 दिसंबर को भी अवकाश घोषित किया गया है। इससे पहले 20 दिसंबर को अवकाश घोषित किया जा चुका था। यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। बीते कई दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और रात के समय घना कोहरा, ठंडी हवाएं और शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे विशेष रूप से छोटे बच्चों और किशोर विद्यार्थियों के बीमार पड़ने की आशंका बनी हुई है। आदेश की अवहेलना करने वालों पर होगी कार्रवाई डीएम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। यदि कोई विद्यालय आदेश की अवहेलना करते हुए खुला पाया गया, तो संबंधित संस्था के प्रबंधक, प्रधानाचार्य या प्रधानाध्यापक को जिम्मेदार ठहराया जाएगा और उनके विरुद्ध प्रशासनिक व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि अवकाश की सूचना समय रहते छात्रों एवं अभिभावकों तक पहुंचाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं और उन्हें अनावश्यक रूप से सुबह-शाम बाहर निकलने से रोकें। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और शीतलहर का प्रभाव और बढ़ सकता है। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी अवकाश बढ़ाने या अन्य सुरक्षात्मक निर्णय लिए जा सकते हैं। डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शीतलहर के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Advertisement