मुंडेरवा पुलिस ने गन्ना विकास इंटर कॉलेज गेट के पास स्कूली छात्राओं पर अश्लील फब्तियां कसने और इशारे करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्राओं को देखकर अश्लील गाने गाने का भी आरोप है। यह कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद की गई। मुंडेरवा थाने के उपनिरीक्षक जावेद अहमद खान ने महिला कांस्टेबल रेनू यादव और नीतू यादव के साथ मिलकर मुखबिर की सूचना पर आरोपी को कॉलेज गेट के सामने स्थित चाय की दुकान से पकड़ा। आरोप है कि युवक प्रतिदिन कॉलेज गेट के सामने खड़ा होकर छुट्टी होने का इंतजार करता था। जब छात्राएं वहां से निकलती थीं, तो वह उन पर अश्लील फब्तियां कसता था। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। आरोपी बगल के गांव बोदवल का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पिता को बुलाकर बातचीत की और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया। बाद में उसे मुचलके पर छोड़ दिया गया।






































