श्रावस्ती जिले के इकौना तहसील क्षेत्र में बलरामपुर-बहराइच नेशनल हाईवे 730 पर रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। जगदीशपुर के सामने साइकिल से सड़क पार कर रही एक छात्रा को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में छात्रा और बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, थाना इकौना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर राजा निवासी 14 वर्षीय आंचल जायसवाल इंटरमीडिएट की छात्रा है। वह कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकली थी और ग्राम जगदीशपुर के सामने हाईवे पार कर रही थी, तभी विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी। बाइक पर प्रदीप कुमार अपनी मां कलावती (50) के साथ बलरामपुर की ओर मिट्टी देने जा रहे थे। कलावती संचित राम की पत्नी और दीननामगढ़, बलरामपुर की निवासी हैं। टक्कर के कारण बाइक सवार महिला कलावती भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके से गुजर रहे एक वाहन, जिस पर ‘मजिस्ट्रेट’ लिखा था, के चालक ने मानवीयता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना पहुंचाया। वहां उन्हें तत्काल भर्ती कराया गया। सीएचसी इकौना में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा आंचल जायसवाल और महिला कलावती की गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया।






































