Advertisement
रूपईडीहा: अल खिदमत फाउंडेशन समाज सेवा समिति से जुड़े युवाओं ने रूपईडीहा कस्बे में एक व्यापक सफाई अभियान चलाया। यह अभियान लंबे समय से जमा कचरे और उससे फैल रही दुर्गंध से स्थानीय लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से किया गया। रुपईडीहा कस्बे से आईसीपी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर बीते कई महीनों से नगर का कचरा डंप किया जा रहा था, जिससे क्षेत्र में गंदगी का अंबार लग गया था। इस कचरे के ढेर के कारण आसपास भीषण दुर्गंध फैल रही थी और आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गंदगी के कारण मच्छरों और संक्रमण फैलने से बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा था। स्थिति की गंभीरता तब और बढ़ गई जब यह कचरा डंपिंग स्थल श्मशान घाट के ठीक बगल में स्थित था, जबकि उसके सामने कब्रिस्तान मौजूद है। धार्मिक स्थलों के आसपास गंदगी फैलना लोगों की धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सौहार्द के विपरीत माना जा रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार आपत्ति और शिकायत के बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं हो सका था। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए अल खिदमत फाउंडेशन के युवाओं ने स्वयं पहल करते हुए सफाई की जिम्मेदारी उठाई। इस अभियान में शाहिद, समीर, आतिफ, अलीम सहित लगभग 10 से 12 युवाओं की टीम ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। युवाओं ने झाड़ू लगाकर सड़क और आसपास फैले कचरे को हटाया, उसे एकत्र कर व्यवस्थित किया। इसके बाद कई ट्रॉलियों मिट्टी डालकर कचरे को पूरी तरह ढक दिया गया, जिससे दुर्गंध और गंदगी पर काबू पाया जा सके। इस मौके पर अल खिदमत फाउंडेशन के अध्यक्ष रियाज शाह ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के आसपास गंदगी सभी के लिए चिंता का विषय था, इसलिए युवाओं ने मिलकर इस समस्या के समाधान का निर्णय लिया। वहीं, जब इस संबंध में नगर पंचायत रुपईडीहा के अधिशासी अधिकारी रामबदन से बातचीत की गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी। जानकारी मिलने पर उन्होंने इसे अपने स्तर से दिखवाने और आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही।











































