जंगली शीशम लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़:दो आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग की कार्रवाई

1
Advertisement

बलरामपुर: सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बनकटवा रेंज क्षेत्र में वन विभाग और एसएसबी की संयुक्त टीम ने अवैध लकड़ी कटान और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गश्त के दौरान टीम ने जंगली शीशम की लकड़ी की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोनपुर एवं कोलुहई गांव के समीप संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के आधार पर की गई। संयुक्त टीम ने मौके से जंगली शीशम लकड़ी के बोटा और चिरान के कुल 15 नग बरामद किए। प्रारंभिक जांच में इस लकड़ी को अवैध रूप से जंगल से काटे जाने की पुष्टि हुई है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। वन विभाग ने बरामद लकड़ी को जब्त कर बनकटवा रेंज कार्यालय में सुरक्षित रखवा दिया है। संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस संबंध में रेंजर शत्रुघ्न लाल ने बताया कि अवैध लकड़ी कटान और वन संपदा की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वन संपदा की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
यहां भी पढ़े:  घने कोहरे से सड़क पर नीलगाय ट्रक से टकराई:बरगदवा बांसी रोड पर चालकों को ड्राइविंग में परेशानी
Advertisement