पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज: ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से जनता दर्शन में की थी शिकायत – Bakuldiha(Nichlaul) News

1
Advertisement

ठूठीबारी थाना क्षेत्र के ग्राम निपनिया बड़काटोला में बीते 16 जनवरी को मजदूरी के दौरान हुए एक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया । पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। निपानिया गांव निवासी सुनील मद्देशिया ने कुछ लोगों पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित सुनील मद्देशिया पुत्र स्व. केदार मद्देशिया का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने उसकी तहरीर दर्ज नहीं की थी। इसके बजाय, एकतरफा कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया था। पीड़ित के अनुसार, यह घटना बीते 16 जनवरी 2026 को हुई थी जब वह गांव के रामकिशुन मद्देशिया के यहां मजदूरी करने गया था। दोपहर करीब तीन बजे रामकिशुन मद्देशिया और माधुरी पत्नी चिनकू के बीच कहासुनी हो रही थी। जब सुनील ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो माधुरी और सतीश पुत्र बालगोविंद ने कथित तौर पर उसे गाली-गलौज दी, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। सुनील किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंचा, लेकिन शाम करीब पांच बजे आरोपित माधुरी, सतीश, व्यास पुत्र राजकुमार और राजकुमार पुत्र हरिद्वार लाठी-डंडों से लैस होकर उसके दरवाजे पर पहुंच गए। आरोप है कि आरोपितों ने घर में घुसकर सुनील को बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। बीच-बचाव करने आए योगेंद्र पुत्र रामवृक्ष को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। पीड़ित और घायल ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष नवनीत नागर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
यहां भी पढ़े:  ग्राम पंचायत अधिकारी लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा ने की गौ सेवा: जैसवारा गौशाला में किया गुड़, चना और केले का वितरण - Sohriyawan(Payagpur) News
Advertisement